देहरादून में मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में उत्तरांचल प्रेस क्लब द्वारा आयोजित मंजुल सिंह मांजिला स्मृति अंतर क्रिकेट टूर्नामेंट का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं क्रिकेट खेलकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल भावना को बढ़ावा दिया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क, नेतृत्व क्षमता और संघर्षशीलता जैसे महत्वपूर्ण गुण विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया मूवमेंट” जैसे अभियानों ने देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। इन पहलों से युवाओं को खेलों से जुड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिल रही है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, विधायक उमेश शर्मा काऊ, निदेशक खेल डॉ. आशीष चौहान, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।