काठमांडू। नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में गुरुवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.0 मापी गई है।
राष्ट्रीय भूकंप निगरानी एवं अनुसंधान केंद्र (NEMRC) के अनुसार, भूकंप सुबह 8 बजकर 32 मिनट पर आया। इसका केंद्र दार्चुला जिला के मुरई क्षेत्र के आसपास जमीन के भीतर स्थित था।
भूकंप के झटके दार्चुला के अलावा बैतड़ी और बझांग जिलों में भी महसूस किए गए। हालांकि, स्थानीय प्रशासन के मुताबिक, झटकों की तीव्रता कम होने के कारण किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।
विशेषज्ञों के अनुसार, नेपाल भूकंपीय दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। हिमालयी क्षेत्र में होने के कारण यहां टेक्टॉनिक प्लेटों की सक्रियता ज्यादा रहती है, जिससे समय-समय पर भूकंप आते रहते हैं।
इससे पहले सोमवार को भी सुदूरपश्चिम प्रांत में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र बझांग जिले के रायल क्षेत्र के पास था। उस दौरान झटके काफी तेज महसूस किए गए थे और लोग घरों से बाहर निकलकर खुले स्थानों की ओर भागने लगे थे।
गौरतलब है कि 17 मार्च को भी दार्चुला जिले के सीतौला क्षेत्र में 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। लगातार आ रही भूकंपीय गतिविधियों के कारण क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।














