Advertisement

देहरादून के पैनेसिया हॉस्पिटल में लगी भीषण आग, बुजुर्ग महिला की मौत, कई घायल

Panacea Hospital में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में आईसीयू में भर्ती एक बुजुर्ग महिला बीरावती की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। आग लगने की वजह आईसीयू में लगे एसी में शॉर्ट सर्किट और ब्लास्ट को बताया जा रहा है, जिसके बाद पूरे अस्पताल परिसर में धुआं फैल गया।

घटना के समय अस्पताल के आईसीयू में छह मरीज भर्ती थे। अचानक धुआं भरने से मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ में हड़कंप मच गया। अस्पताल कर्मचारियों, पुलिस और राहत टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला और उन्हें दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया।

आग के बाद फैले धुएं और गैस की चपेट में आने से अस्पताल के कुछ कर्मचारी और पुलिसकर्मी भी प्रभावित हुए। बचाव अभियान के दौरान कई लोगों को ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी Kailash Hospital में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पुलिस कर्मियों ने अपनी जान की परवाह किए बिना आईसीयू में फंसे मरीजों को बाहर निकाला। राहत और बचाव अभियान के दौरान तीन पुलिसकर्मियों की तबीयत भी बिगड़ गई, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। Pramod Doval ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया।

एसएसपी प्रमोद डोबाल ने बताया कि आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और सभी मरीजों को सुरक्षित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। फिलहाल अधिकांश घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।