चमोली।
चमोली जिले में देर रात एक बड़ा औद्योगिक हादसा सामने आया। टीएचडीसी की निर्माणाधीन विष्णुगाड–पीपलकोटी जलविद्युत परियोजना की सुरंग के अंदर मजदूरों को लाने-ले जाने के लिए संचालित दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में करीब 60 अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब साढ़े नौ बजे हुआ। अलकनंदा नदी पर बन रही 444 मेगावाट क्षमता की इस जलविद्युत परियोजना की लगभग 13 किलोमीटर लंबी सुरंग में काम चल रहा था। शिफ्ट चेंज के दौरान मजदूरों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल की जा रही दो लोको ट्रेनें आपस में टकरा गईं। टनल के अंदर भारी मशीनों और टनल बोरिंग मशीन के जरिए खुदाई का कार्य जारी था।
हादसे के समय सुरंग के भीतर 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर मौजूद थे। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई और निर्माण कार्य को तत्काल रोक दिया गया। घायल लोगों को सुरंग से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भेजा गया।
सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को सभी घायलों के समुचित और बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार करीब 60 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 42 घायलों का इलाज जिला अस्पताल गोपेश्वर में किया जा रहा है, जबकि 17 घायलों को विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में भर्ती कराया गया है। अन्य की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन के अनुसार सभी घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है।
हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और परियोजना प्रबंधन से भी विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है।














