उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दून विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रदेश में पलायन रोकने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने, उच्च शिक्षा को मजबूत करने, विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में रोजगार की संभावनाओं और देहरादून की ट्रैफिक समस्या जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री से सवाल किए।
युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर क्या बोले सीएम?
पलायन और रोजगार से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में रिवर्स माइग्रेशन की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। सरकार युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम कर रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना का जिक्र करते हुए कहा कि पर्यटन, उद्योग और फिल्म नीति के जरिए भी युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों को मजबूत कर स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ाने पर भी सरकार लगातार काम कर रही है।
उत्तराखंड को उच्च शिक्षा का हब बनाने की तैयारी
उच्च शिक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षण संस्थानों के आधुनिकीकरण और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दे रही है।
उन्होंने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इससे प्रदेश में विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं को आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों से जुड़ने का मौका मिलेगा।
AI के दौर में ‘फ्यूचर रेडी’ बनने की सलाह
विज्ञान, तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीकी बदलावों के साथ रोजगार का स्वरूप भी बदल रहा है। इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार की नई संभावनाएं भी सामने आ रही हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से बदलती तकनीक के अनुरूप अपने कौशल को लगातार विकसित करने और ‘फ्यूचर रेडी’ बनने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार भी युवाओं को आधुनिक कौशल और नई तकनीकों से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
देहरादून के ट्रैफिक जाम का स्थायी समाधान
देहरादून में लगातार बढ़ती यातायात समस्या पर पूछे गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार इसके स्थायी समाधान के लिए गंभीरता से काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि बिंदाल और रिस्पना नदी के ऊपर एलिवेटेड रोड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद देहरादून की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और शहर में लगने वाले जाम से राहत दिलाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं को उत्तराखंड के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और बदलते समय के साथ खुद को नई तकनीकों एवं कौशल से तैयार करने पर जोर दिया।














