देहरादून। Pushkar Singh Dhami के निर्देशों के क्रम में देहरादून जिला प्रशासन लगातार जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को राहत पहुंचाने का कार्य कर रहा है। जिलाधिकारी Savin Bansal के नेतृत्व में प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं, सीएसआर फंड और अन्य संसाधनों के माध्यम से असहाय परिवारों की सहायता की जा रही है।
इसी क्रम में रायपुर विकासखंड के ग्राम मालदेवता निवासी संध्या रमोला के परिवार को जिला प्रशासन ने बड़ी राहत प्रदान की है। संध्या रमोला के पति गले के कैंसर से पीड़ित हैं और उनका इलाज Himalayan Hospital में चल रहा है। लगातार इलाज और कीमोथेरेपी के कारण वे काम करने में असमर्थ हो गए, जिससे परिवार गंभीर आर्थिक संकट में पहुंच गया।
संध्या रमोला ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके दो छोटे बच्चे हैं और परिवार का पूरा खर्च इलाज, दवाइयों तथा घरेलू आवश्यकताओं में खर्च हो रहा है। उन्होंने स्वयं सहायता समूह और स्वरोजगार के लिए वर्ष 2024 और 2025 में बैंक से ऋण लिया था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण किश्तें जमा नहीं कर पाईं। इसके चलते बैंक की ओर से लगभग 71 हजार रुपये जमा करने का नोटिस जारी किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सीएसआर फंड से पूरी ऋण राशि सीधे बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित परिवार को ऋणमुक्त कर दिया गया और बैंक को नो ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करने के लिए भी कहा गया।
इसके अलावा रायफल क्लब मद से संध्या रमोला के खाते में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 50 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे परिवार जो योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं या आकस्मिक संकट का सामना कर रहे हैं, उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन समय-समय पर दिव्यांगजन, गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों, निराश्रित महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विभिन्न माध्यमों से सहायता उपलब्ध करा रहा है। प्रशासन की यह पहल संवेदनशील और जनकल्याणकारी प्रशासनिक व्यवस्था का उदाहरण मानी जा रही है।
















