उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के विभिन्न जिलों में आधारभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यटन और धार्मिक स्थलों के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन फैसलों से सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, अग्निशमन, परिवहन और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने नैनीताल जिले के रामनगर में ऑटोमेटेड ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक के ऑटोमेशन कार्य के लिए 3.68 करोड़ रुपये, रुद्रप्रयाग कोषागार भवन के मरम्मत एवं विद्युतीकरण के लिए 38.06 लाख रुपये, देहरादून स्थित पुलिस संचार प्रशिक्षण केंद्र धौरणखास में 150 केएलडी क्षमता के एसटीपी प्लांट और साइट विकास के लिए 2.73 करोड़ रुपये तथा हरिद्वार के बहादराबाद औद्योगिक क्षेत्र में फायर स्टेशन की स्थापना के लिए 9.45 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।
चम्पावत जिले में ककराली-टनकपुर से मां पूर्णागिरी धाम तक यात्रा मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें पहली किस्त के रूप में 2 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। वहीं पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के लोहारगांव में आंतरिक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 70.87 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किस्त के रूप में 42.52 लाख रुपये जारी होंगे।
मुख्यमंत्री ने चम्पावत के जवाहर नवोदय विद्यालय, लटौली में छात्रों के लिए ओपन जिम निर्माण हेतु 99.44 लाख रुपये, पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र में जानकी पुल से चौरासी कुटिया तक मार्ग को ‘बीटल्स स्ट्रीट’ के रूप में विकसित करने के लिए 85.74 लाख रुपये, तथा पिथौरागढ़ के धारचूला क्षेत्र में नंदा मंदिर से खोली बन तक पैदल मार्ग निर्माण के लिए 81.43 लाख रुपये की स्वीकृति भी प्रदान की है।
इसके अलावा लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र के डुंगरीफर्तयाल गांव स्थित शिव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 75 लाख रुपये, बागेश्वर जिले की सरयू वैली एवं शामा क्षेत्र में विद्युत सब-स्टेशन स्थापित करने के लिए 5 करोड़ रुपये, मां पूर्णागिरी धाम के सेलागाड़ गांव में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाने के लिए 19.68 लाख रुपये तथा नैनीताल जिले के भीमताल विधानसभा क्षेत्र में कैडाकोट बुग और मौनीबाग आश्रम में दो धर्मशालाओं के निर्माण के लिए 87.95 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने राज्य स्वास्थ्य प्राधिकरण के गोल्डन कार्ड योजना के सुचारू संचालन और लंबित भुगतान के लिए 75 करोड़ रुपये की राशि राज्य बजट से स्वीकृत करने का अनुमोदन दिया है।
वहीं ग्रामीण निर्माण विभाग के अंतर्गत विभिन्न सड़क एवं पुल परियोजनाओं के लिए प्रथम किस्त के रूप में 1.37 करोड़ रुपये से अधिक की राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत चमोली जिले के गोखमल्ला गांव में पैदल पुलिया निर्माण, देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग के सुधारीकरण तथा पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर क्षेत्र में सतेड़ (खासन) नदी पर 30 मीटर स्पान स्टील ट्रस पैदल पुल के निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार इन परियोजनाओं के पूरा होने से प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधाएं भी सुदृढ़ होंगी।











