विजय रतूड़ी बने अखिल भारतीय योग प्रशिक्षक महासंघ के राज्य प्रवक्ता

पौड़ी। अखिल भारतीय योग प्रशिक्षक महासंघ ने संगठन के विस्तार और योग प्रशिक्षकों की आवाज को मजबूती देने के लिए पौड़ी निवासी विजय रतूड़ी को उत्तराखंड राज्य का राज्य प्रवक्ता नियुक्त किया है। महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव आचार्य विपिन पथिक ने इस संबंध में नियुक्ति पत्र जारी किया।

विजय रतूड़ी को संगठनात्मक गतिविधियों और योग प्रशिक्षकों के हितों में किए गए कार्यों का लंबा अनुभव है। वह पूर्व में गढ़वाल विश्वविद्यालय पौड़ी परिसर में छात्रसंघ विश्वविद्यालय प्रतिनिधि सहित विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में वह आयुष्मान आरोग्य मंदिर नौड़ी में योग शिक्षक/अनुदेशक के पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वह योग संगठन के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

महासंघ में राज्य प्रवक्ता के रूप में उनकी नियुक्ति को योग प्रशिक्षकों के हितों और संगठन की गतिविधियों को राज्य स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नवनियुक्त राज्य प्रवक्ता विजय रतूड़ी ने नियुक्ति के लिए महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील यादव, राष्ट्रीय प्रभारी अच्छे सिंह कठेरिया और राष्ट्रीय महासचिव आचार्य विपिन पथिक समेत सभी पदाधिकारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ से लेकर अब तक विभिन्न स्तरों पर जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने संगठन और प्रशासन के बीच समन्वय का अनुभव हासिल किया है।

उन्होंने कहा कि नई जिम्मेदारी के तहत योग प्रशिक्षकों की न्यायोचित मांगों और समस्याओं को मजबूती से उठाने, संगठन की गतिविधियों को जनपद से राज्य स्तर तक पहुंचाने तथा पदाधिकारियों, शासन और सरकार के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेंगे।