Advertisement

हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर कथित अशोभनीय कृत्य का वीडियो वायरल, लोगों में आक्रोश

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार के विश्वप्रसिद्ध हरकी पैड़ी घाट से जुड़ा एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपनी पत्नी की तस्वीर के साथ अशोभनीय व्यवहार करता और बाद में उसे गंगा में प्रवाहित करता दिखाई दे रहा है। इस घटना को लेकर तीर्थ पुरोहितों और हिंदूवादी संगठनों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी की रील बनाने की आदत से परेशान था और गुस्से में उसने जीवित पत्नी का प्रतीकात्मक “पिंडदान” कर दिया। वीडियो में युवक गंगा घाट पर पिंड डालते हुए भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की सत्यता और दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इसे धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। हरकी पैड़ी को हिंदुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र माना जाता है, जहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु मां गंगा में स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में इस तरह की हरकत को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

गंगा सभा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवक की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और वीडियो की सत्यता की भी पड़ताल की जाएगी।

गौरतलब है कि हरकी पैड़ी और गंगा घाटों से जुड़े विवादित वीडियो पहले भी सामने आते रहे हैं। इससे पहले फिल्मी गानों पर डांस, घाटों पर शराब सेवन और गंगा में कुत्ते को नहलाने जैसे मामलों को लेकर भी विवाद हो चुका है।

स्थानीय धार्मिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि गंगा घाटों की गरिमा बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।