जहरीले धतूरे की ऑनलाइन बिक्री पर बड़ी कार्रवाई, Amazon समेत 3 प्लेटफॉर्म के लाइसेंस सस्पेंड

कर्नाटक फूड सेफ्टी एंड ड्रग्स एडमिनिस्ट्रेशन ने जहरीले धतूरे (Datura) के फल और बीजों की ऑनलाइन बिक्री के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket को नोटिस जारी करते हुए उनके फूड लाइसेंस अगले आदेश तक सस्पेंड करने के निर्देश दिए हैं। जांच में सामने आया कि कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर धतूरे के फल और बीज इंसानी इस्तेमाल के लिए बेचे जा रहे थे।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक रहे थे धतूरे के बीज और फल

जांच के दौरान अधिकारियों को कुछ ऑनलाइन लिस्टिंग में धतूरे के फल और बीज बिक्री के लिए उपलब्ध मिले। कुछ पैकेटों पर FSSAI लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन नंबर भी दर्ज था। विभाग ने इसे गंभीर मामला माना है, क्योंकि धतूरा जहरीला पौधा है और इसके फल या बीज का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।

सभी लिस्टिंग और विज्ञापन हटाने का निर्देश

फूड सेफ्टी विभाग ने Amazon, Swiggy Instamart और BigBasket को इंसानी इस्तेमाल के लिए धतूरे की बिक्री से संबंधित सभी ऑनलाइन लिस्टिंग और विज्ञापनों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। इसके अलावा धतूरे को खाद्य पदार्थ के रूप में बेचने, प्रदर्शित करने और वितरित करने पर भी रोक लगाने को कहा गया है।

Amazon की ओर से अब तक जवाब नहीं

अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले में Amazon की ओर से अभी कोई जवाब नहीं मिला है। वहीं Swiggy Instamart ने आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। BigBasket ने विभाग को बताया कि उसने संबंधित धतूरे के उत्पाद की बिक्री रोक दी है। कंपनी ने भविष्य की किसी भी ऐसी लिस्टिंग पर “NOT FOR HUMAN CONSUMPTION” यानी “मानव उपभोग के लिए नहीं” लिखने की बात कही है।

वेंडरों पर भी होगी कार्रवाई

विभाग ने धतूरे से जुड़े उत्पादों की सप्लाई करने वाले वेंडरों और कंपनियों के लाइसेंस तथा रजिस्ट्रेशन की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं। संबंधित प्लेटफॉर्म और विक्रेताओं से अनुपालन रिपोर्ट मांगी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

धतूरे के फल और बीज जहरीले होते हैं। इन्हें किसी भी स्थिति में खाने या औषधि के रूप में स्वयं इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।