उत्तराखंड के ऋषिकेश में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र की आईडीपीएल चौकी अंतर्गत बांध विस्थापित कॉलोनी में एक युवक ने कथित तौर पर नशा करने से रोकने पर अपनी ही मां को 12 बोर के हथियार से गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला का इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है, जबकि आरोपी वारदात के बाद फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सुमित गौड़ कथित रूप से नशे का आदी है। रविवार रात उसकी मां ऊषा देवी ने उसे नशा करने से रोका और समझाने का प्रयास किया।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में सुमित ने घर में मौजूद 12 बोर के हथियार से अपनी मां पर फायर कर दिया।
गोली लगने से ऊषा देवी गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़ीं। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
महिला को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक कुमार राठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का हथियार लाइसेंसी था या अवैध। पुलिस इस संबंध में भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की लत ने एक बेटे को इस हद तक पहुंचा दिया कि उसने अपनी ही मां की जान लेने की कोशिश की।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद घटना के सभी पहलुओं का विस्तार से खुलासा किया जाएगा।













