मैहर: मध्य प्रदेश के मैहर जिले में सोमवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देहात थाना क्षेत्र के रिगरा गांव के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार एक्सयूवी कार सामने चल रहे ट्रक के पीछे जा भिड़ी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी युवक एक रिश्तेदार के यहां आयोजित जन्मदिन समारोह में शामिल होकर मैहर लौट रहे थे। रिगरा गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। वाहन में सवार छह युवक कार के भीतर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व राहत दल को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डायल-112, हाईवे पेट्रोलिंग टीम, 108 एंबुलेंस और राष्ट्रीय राजमार्ग एंबुलेंस सेवा 1033 मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से लंबे समय तक रेस्क्यू अभियान चलाकर कार में फंसे युवकों को बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक पांच युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले पांचों युवक मैहर से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी रहे मनीष पटेल के परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन, रिश्तेदार और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अस्पताल पहुंच गए। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
पुलिस ने सभी शवों को 108 एंबुलेंस और हाईवे एंबुलेंस 1033 की मदद से सिविल अस्पताल मैहर की मर्चुरी में रखवाया है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।














