Advertisement

उत्तर भारत में हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर, दक्षिण भारत के तीन राज्यों में बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: देश के बड़े हिस्से में इस समय कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, राजस्थान, पंजाब, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में शीतलहर और घने कोहरे ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। हालात ऐसे हैं कि लोग अलाव और हीटर का सहारा लेने को मजबूर हैं, जबकि कई राज्यों में स्कूलों को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।

मौसम विभाग ने गुरुवार 8 जनवरी के लिए तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार में बारिश की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली में गुरुवार को सुबह से ही शीतलहर चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हरियाणा के पानीपत, गुरुग्राम और सोनीपत में भी कड़ाके की ठंड का असर रहेगा

उत्तर प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में शीतलहर का अनुमान है। लखनऊ, प्रयागराज, अयोध्या, कानपुर, बरेली, अमेठी, आगरा, मथुरा, अलीगढ़ जैसे जिलों में ठिठुरन बढ़ेगी, जबकि देवरिया, गोरखपुर, सीतापुर, शाहजहांपुर, आजमगढ़ समेत कई इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है। लखनऊ का तापमान 17 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।

बिहार के 19 जिलों में घने कोहरे की चेतावनी है। पटना, गया, नालंदा, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी समेत कई जिलों में दृश्यता बेहद कम हो सकती है। पूर्णिया, किशनगंज और अररिया में शीतलहर का असर रहेगा। झारखंड के रांची, पलामू, गुमला, जमशेदपुर और बोकारो में भी कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।

🌬️ अन्य राज्यों का हाल

  • पंजाब: फिरोजपुर, अमृतसर, बठिंडा, जालंधर समेत कई जिलों में तेज शीतलहर।
  • राजस्थान: जयपुर, जोधपुर, श्रीगंगानगर, सीकर, चूरू में ठंड का सितम जारी।
  • मध्य प्रदेश: भोपाल, उज्जैन, शहडोल, उमरिया और खजुराहो में कड़ाके की ठंड।
  • उत्तराखंड: ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना, देहरादून में तापमान 17 से 4 डिग्री के बीच।

हिमाचल प्रदेश: मनाली, लाहौल-स्पीति, कल्पा और ताबो में बर्फबारी के आसार, शिमला में न्यूनतम तापमान माइनस 1 डिग्री तक गिर सकता है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बेहद जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। ठंड और कोहरे से बचाव के लिए पर्याप्त गर्म कपड़े पहनने और सावधानी बरतने की अपील की गई है।