पूर्वोत्तर राज्य Assam में भारतीय वायुसेना का एक आधुनिक लड़ाकू विमान Sukhoi Su-30MKI गुरुवार को क्रैश हो गया। इस दर्दनाक हादसे में दो पायलटों के शहीद होने की खबर सामने आई है। वायुसेना का यह विमान उड़ान भरने के कुछ समय बाद ही अचानक रडार से लापता हो गया था।
मिली जानकारी के अनुसार लड़ाकू विमान ने Jorhat से ट्रेनिंग मिशन के लिए उड़ान भरी थी। शाम करीब सात बजे विमान ने उड़ान भरी और आखिरी बार शाम 7:42 बजे उससे संपर्क हुआ था। इसके कुछ ही देर बाद विमान रडार से गायब हो गया, जिसके बाद अधिकारियों ने खोज अभियान शुरू किया।
बाद में पता चला कि विमान Karbi Anglong इलाके में क्रैश हो गया, जो जोरहाट से करीब 60 किलोमीटर दूर है। घटना की सूचना मिलते ही सेना और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने आसमान में एक विमान को तेजी से नीचे आते देखा था और कुछ ही देर बाद तेज धमाके की आवाज सुनी। इसके बाद इलाके में धुआं उठता दिखाई दिया।
इस हादसे में शहीद होने वाले पायलटों की पहचान स्क्वाड्रन लीडर Anuj और फ्लाइट लेफ्टिनेंट Purvesh Durgakar के रूप में हुई है।
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए रक्षा मंत्री Rajnath Singh ने कहा कि Su-30 दुर्घटना में दोनों पायलटों के निधन से उन्हें गहरा दुख हुआ है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के प्रति उनके साहस और सेवा को हमेशा गर्व और कृतज्ञता के साथ याद किया जाएगा। साथ ही उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
बताया जाता है कि रूस में निर्मित सुखोई लड़ाकू विमान भारतीय वायुसेना की ताकत का अहम हिस्सा है। वायुसेना इस उन्नत विमान के 200 से अधिक यूनिट का इस्तेमाल करती है और इसे वायुसेना की रीढ़ की हड्डी माना जाता है।















