Indian Premier League 2026 सीजन अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। लीग स्टेज के सिर्फ चार मुकाबले बाकी हैं और इसके बाद प्लेऑफ मुकाबलों की शुरुआत होगी। इसी बीच 22 मई को Sunrisers Hyderabad और Royal Challengers Bengaluru के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में अहम मुकाबला खेला जाएगा।
दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर चुकी हैं, लेकिन यह मैच तय करेगा कि पहला क्वालीफायर किन टीमों के बीच खेला जाएगा। ऐसे में मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें Virat Kohli पर रहने वाली हैं। विराट के पास आईपीएल इतिहास में एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका है। कोहली ने IPL 2026 में अब तक 13 मैचों में 54.20 की औसत से 542 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और चार अर्धशतक निकले हैं।
अगर विराट कोहली सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 58 रन बना लेते हैं, तो वह आईपीएल इतिहास में लगातार चार सीजन तक 600 या उससे अधिक रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। फिलहाल इस रिकॉर्ड में वह Chris Gayle, David Warner और KL Rahul के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने लगातार तीन-तीन सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाए हैं।
वहीं आरसीबी का प्रदर्शन इस सीजन शानदार रहा है। टीम 13 मैचों में 18 अंकों और 1.065 नेट रनरेट के साथ अंक तालिका में शीर्ष स्थान पर बनी हुई है। आरसीबी प्लेऑफ में जगह पक्की करने वाली पहली टीम भी बनी।
यदि आरसीबी इस मुकाबले में जीत दर्ज करती है, तो टीम 20 अंकों के साथ लीग स्टेज टॉप पर खत्म कर सकती है। हालांकि हार की स्थिति में टीम की टॉप-2 में जगह मुश्किल में पड़ सकती है, क्योंकि Gujarat Titans के भी 18 अंक हैं। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद जीत दर्ज करती है तो उसके भी 18 अंक हो जाएंगे, जिसके बाद नेट रनरेट के आधार पर क्वालीफायर की तस्वीर साफ होगी।















