दिल्ली-एनसीआर में बदला मौसम का मिजाज, बारिश से गर्मी से राहत; अगले दो दिन भी बरसात के आसार

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मानसून के सक्रिय होते ही मौसम ने करवट ले ली है। दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम और आसपास के कई इलाकों में रुक-रुककर हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली। आसमान में दिनभर बादल छाए रहे और मौसम सुहावना बना रहा।

मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को दिल्ली के कई हिस्सों में मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। इस दौरान बिजली चमक सकती है और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जो सामान्य से कम रहेगा।

मौसम विभाग का कहना है कि शनिवार को भी दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही आंधी, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

इस वर्ष दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि की तुलना में पांच दिन की देरी से 2 जुलाई को दिल्ली पहुंचा। वर्ष 2021 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि मानसून ने जुलाई में राजधानी में दस्तक दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के सक्रिय होने के बाद आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

मानसून आने से पहले दिल्ली और आसपास के इलाकों में भीषण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी थी। जून के दौरान कई दिनों तक हीटवेव चली और तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। वहीं मानसून से पहले उमस के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अब बारिश शुरू होने से तापमान में गिरावट आई है और मौसम सुहावना हो गया है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।