Advertisement

16 फरवरी को कांग्रेस का ‘राजभवन घेराव’, तैयारियों को लेकर देहरादून में हुई अहम बैठक

देहरादून, 4 फरवरी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) द्वारा 16 फरवरी 2026 को प्रस्तावित ‘राजभवन घेराव’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने की।

बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न सुझाव दिए और संगठनात्मक स्तर पर व्यापक तैयारी पर जोर दिया गया।

पीसीसी के निवर्तमान मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर राज्य से जुड़े जनहित के मुद्दों को लेकर यह विशाल प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक, एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, प्रदेश पदाधिकारी, विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा राज्यभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार, इस प्रदर्शन के माध्यम से पार्टी राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराध और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाएगी। पार्टी का कहना है कि इन विषयों को लेकर वह सरकार का घेराव करेगी।

बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने पार्टी पदाधिकारियों से कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 16 फरवरी को बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करें।

बैठक में राजीव महर्षि, प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र शाह, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत, दर्शन लाल, प्रीतम आर्य, प्रशांत खंडूरी, यशपाल चौहान, सुनीत सिंह राठौर, सुलेमान अली, मोहन काला, विपुल जैन, भगवती प्रसाद सेमवाल, सोहन लाल रतूड़ी, अवतार सिंह नेगी, आलोक बगवाड़ी, मोहन खत्री, सावित्री थापा, अनुराधा तिवाड़ी सहित कई अन्य कांग्रेस नेता मौजूद रहे।

कांग्रेस ने दावा किया है कि यह प्रदर्शन राज्य के विभिन्न वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।