मुंबई। लाफ्टर शेफ्स – अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट के नए एपिसोड का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में निया शर्मा और जन्नत जुबैर के बीच मजेदार नोकझोंक देखने को मिल रही है, जो दर्शकों का खूब मनोरंजन कर रही है।
वीडियो में दिखाया गया है कि किचन टास्क के दौरान दाल को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो जाती है। निया का आरोप है कि जन्नत ने उनसे दाल छीन ली, जबकि जन्नत इस बात से इनकार करती हैं। देखते ही देखते यह बहस तेज हो जाती है और दोनों एक-दूसरे पर नाराजगी जाहिर करने लगती हैं।
स्थिति को संभालने के लिए अली गोनी बीच-बचाव करते नजर आते हैं। वहीं समर्थ जुरेल और कृष्णा अभिषेक भी दोनों को शांत कराने की कोशिश करते हैं। इस दौरान निया गुस्से में जन्नत को कोर्ट में केस करने की धमकी भी देती हैं, जिससे माहौल और भी दिलचस्प हो जाता है।
हालांकि, यह पूरी घटना शो का हिस्सा है और दर्शकों के मनोरंजन के लिए प्रस्तुत की गई है। शो के मेकर्स द्वारा जारी यह प्रोमो सोशल मीडिया पर खूब पसंद किया जा रहा है।
गौरतलब है कि ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ इन दिनों अपने मजेदार कंटेंट और कलाकारों की केमिस्ट्री के चलते टीआरपी की दौड़ में भी मजबूत स्थिति बनाए हुए है।















