चमोली में सीएम धामी का जनसंवाद, 1,737 आवेदनों का निस्तारण, 172 शिकायतों का मौके पर समाधान

गोपेश्वर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में आम जनता की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता सामग्री, स्वीकृति पत्र और वित्तीय सहायता भी वितरित की।

शिविर में 7,472 लोगों ने भाग लिया। विभिन्न विभागों को 1,737 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शिविर के दौरान ही निस्तारण किया गया। इसके अलावा 203 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 172 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं, 4,632 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नंदानगर विकासखंड के खलतरा गांव की सरिता देवी ने झंगोरा मड़ाई और प्रोसेसिंग मशीन की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को तत्काल निर्देश देते हुए शिविर स्थल पर ही उन्हें मशीन उपलब्ध कराई।

दशोली विकासखंड के रौली ग्वाड़ निवासी नीरज भट्ट ने लिलियम फूलों की खेती के लिए बीज उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने एक माह के भीतर बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

ज्योतिर्मठ के बड़ागांव निवासी गुलशन सिंह राणा की पोल्ट्री हट की मांग को राष्ट्रीय पशुधन मिशन के तहत स्वीकृति देने के निर्देश दिए गए।

वहीं, दशोली के जयदीप सिंह की ठेकेदारी पंजीकरण संबंधी लंबित समस्या का भी तत्काल समाधान कराया गया। पोखरी के नौली गांव के देवेन्द्र सिंह को एप्पल मिशन के तहत सेब के पौधे और एंटी-हेल नेट उपलब्ध कराने के निर्देश भी मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए।

कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट, समाज कल्याण विभाग की ओर से अनुसूचित जाति पुत्री विवाह अनुदान, कृषि विभाग की ओर से फार्म मशीनरी बैंक, झंगोरा प्रोसेसिंग मशीन, घास कटर मशीन और चैन लिंक फेंसिंग वितरित की गई।

सहकारिता विभाग ने किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, जबकि उद्यान विभाग ने पॉलीहाउस, मशरूम उत्पादन, कीवी मिशन और पीएमएफएमई योजना के तहत वित्तीय सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत भी लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक दिए गए।

कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली रूपकुंड फेड फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड और उन्नति स्वायत्त सहकारिता एफपीओ को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री ने ‘हर गांव का यही पैगाम, एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण हमारी संस्कृति का हिस्सा है और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित पर्यावरण सुनिश्चित करना सभी की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य लोगों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के माध्यम से शासन सीधे जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे लोगों का विश्वास और सुशासन दोनों मजबूत हो रहे हैं।