उत्तराखंड को बड़ी राहत: पीएमजीएसवाई परियोजनाओं की समय-सीमा 2027 तक बढ़ी

देहरादून। पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को बड़ी राहत दी है। प्रदेश में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत लंबित कार्यों और देनदारियों के निस्तारण के लिए समय-सीमा बढ़ा दी गई है।

वित्त मंत्रालय द्वारा लिए गए इस फैसले के तहत पीएमजीएसवाई-I की शेष देनदारियों के भुगतान और पीएमजीएसवाई-II व पीएमजीएसवाई-III के अधूरे कार्यों को पूरा करने की अंतिम तिथि अब 31 मार्च 2027 तक कर दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस निर्णय के लिए नरेंद्र मोदी और निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस फैसले से राज्य में सड़क संपर्क व्यवस्था को मजबूत करने में तेजी आएगी और विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

सरकार का मानना है कि समय-सीमा बढ़ने से अधूरी परियोजनाओं को पूरा करने में सहूलियत मिलेगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित हो सकेगी।