Advertisement

नूंह के KMP एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 4 पुलिसकर्मियों समेत 5 की मौत

हरियाणा के नूंह जिला से गुजर रहे कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 4 पुलिसकर्मियों सहित 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि महिंद्रा स्कॉर्पियो कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा धुलावट टोल प्लाजा के पास सुबह करीब 10:30 बजे हुआ। स्कॉर्पियो कार पलवल की ओर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन असंतुलित हो गया और सामने चल रही गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों में उत्तर प्रदेश पुलिस के चार जवान शामिल बताए जा रहे हैं, जो जालौन जिला में तैनात थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। एंबुलेंस की सहायता से सभी शवों को अस्पताल भिजवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। संबंधित अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी गई है।

प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे एक्सप्रेसवे पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं से बचा जा सके।