पंतनगर विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-2026 का परिणाम घोषित, वासुदेव कृष्ण पाठक ने किया टॉप

रुद्रपुर/पंतनगर। गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (जीबीपीयूएटी), पंतनगर द्वारा आयोजित प्रवेश परीक्षा-2026 के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। स्नातक, स्नातकोत्तर, एमसीए एवं पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित परीक्षाओं में शामिल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल पर अपना परिणाम देख सकते हैं।

परिणाम घोषित होने के बाद सफल अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल है। स्नातक प्रवेश परीक्षा की मेरिट सूची में हरिद्वार के वासुदेव कृष्ण पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। रामपुर के मोहम्मद कैफ दूसरे तथा नैनीताल की नीलम बेलवाल तीसरे स्थान पर रहीं।

विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. ए.के. उपाध्याय ने बताया कि स्नातक एवं एमसीए कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 7 जून 2026 को आयोजित की गई थी, जबकि स्नातकोत्तर एवं पीएचडी कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 6 जून 2026 को उत्तराखंड के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर संपन्न हुई थी। सभी परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित की गईं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। स्नातक कार्यक्रम की परीक्षा में 7,358 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि स्नातकोत्तर कार्यक्रम में 867 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इसी प्रकार एमसीए प्रवेश परीक्षा में 124 तथा पीएचडी प्रवेश परीक्षा में 436 अभ्यर्थी सम्मिलित हुए।

स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा में रुद्रपुर की मानसी जोशी ने प्रथम, हल्द्वानी की प्रतिभा नागरकोटी ने द्वितीय तथा हरियाणा के विवेक शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं एमसीए प्रवेश परीक्षा में बरेली के प्रियांश भर्दवाल प्रथम, पिथौरागढ़ के गौरव जोशी द्वितीय तथा काशीपुर की कनिका तिवारी तृतीय स्थान पर रहे।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेन्द्र कुमार कश्यप ने कहा कि संस्थान में गुणवत्ता आधारित एवं पूर्णतः पारदर्शी प्रवेश प्रक्रिया सुनिश्चित की गई है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रवेश परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है, जो विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और विश्वसनीयता को दर्शाती है।

कुलपति ने सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें अपने शैक्षणिक जीवन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।