लंदन होटल में मृत मिले सऊदी राजकुमार की मौत का खुलासा, ओवरडोज से हुआ कार्डियक अरेस्टB

लंदन के एक लग्जरी होटल में मृत पाए गए सऊदी शाही परिवार के सदस्य प्रिंस अब्दुल्ला बिन फहद बिन अब्दुल्ला बिन अब्दुलअज़ीज़ बिन जलावी अल सऊद की मौत को लेकर जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। कोर्ट में पेश की गई टॉक्सिकोलॉजी रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत अत्यधिक मात्रा में शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के कारण हुए कार्डियक अरेस्ट से हुई थी।

मामला 25 नवंबर 2025 का है, जब पश्चिम लंदन के केंसिंग्टन स्थित लंदन मैरियट होटल के एक कमरे के बाथरूम में 29 वर्षीय राजकुमार का शव मिला था। होटल के कमरे का किराया करीब 600 यूरो प्रति रात बताया गया है। सफाई कर्मचारी ने कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर होटल प्रबंधन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और पैरामेडिक्स मौके पर पहुंचे। हालांकि, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

ब्रिटिश मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच में प्रिंस के शरीर में शराब के अलावा गामा-हाइड्रॉक्सीब्यूटाइरेट (GHB), कैनाबिस (भांग) और अल्प्राजोलम (ज़ैनैक्स) के अंश पाए गए। उनके खून में शराब का स्तर 222 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर था, जो ब्रिटेन में ड्रिंक एंड ड्राइव की कानूनी सीमा 80 मिलीग्राम प्रति 100 मिलीलीटर से लगभग तीन गुना अधिक है।

विशेषज्ञों ने निष्कर्ष निकाला कि शराब और नशीले पदार्थों के संयुक्त प्रभाव से उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ, जो उनकी मौत का कारण बना।

सुनवाई के दौरान यह भी सामने आया कि प्रिंस लंबे समय से शराब और ज़ैनैक्स की लत से जूझ रहे थे। मौत से कुछ महीने पहले उन्हें लंदन के प्रायरी क्लिनिक में भर्ती कराया गया था, जहां उनका शराब, बेंजोडायजेपाइन और प्रीगाबालिन की लत छुड़ाने के लिए उपचार किया गया। इसके बाद उन्होंने रेनफोर्ड हॉल क्लिनिक में भी इलाज कराया, जहां उन्हें ऊपरी श्वसन संक्रमण का भी पता चला था।

पुलिस जांच में किसी भी प्रकार की साजिश, हत्या या आत्महत्या के संकेत नहीं मिले। सीसीटीवी फुटेज में मौत से एक शाम पहले प्रिंस को होटल के बाहर अकेले सिगरेट पीते हुए देखा गया था। बाद में वे अपने कमरे में लौटे और अगली सुबह बाथरूम के फर्श पर मृत पाए गए। कमरा अंदर से बंद था और किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी के सबूत नहीं मिले।

जांच अधिकारियों ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर निष्कर्ष निकाला कि यह मामला नशीले पदार्थों और अत्यधिक शराब के सेवन से हुई आकस्मिक मृत्यु का है।