Advertisement

ड्रमंडगंज घाटी में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो में आग लगने से 11 लोगों की दर्दनाक मौत

मिर्जापुर। Mirzapur के ड्रमंडगंज घाटी में बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। इस हादसे में बोलेरो में आग लगने से उसमें सवार आठ लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक, खलासी और कार चालक समेत कुल 11 लोगों की जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे मध्यप्रदेश की ओर से चना लादकर आ रहा एक ट्रक बड़का मोड़ के पास अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया। ट्रक ने पहले एक कंटेनर को टक्कर मारी और फिर आगे चल रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बोलेरो डिवाइडर से टकराकर आग की चपेट में आ गई।

इसके बाद अनियंत्रित ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मार दी, जिससे कार ट्रक और कंटेनर के बीच फंस गई। इस हादसे में कार चालक 28 वर्षीय जय प्रकाश निवासी सोनभद्र की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक खलासी की भी घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल ट्रक चालक ने अस्पताल पहुंचने पर दम तोड़ दिया।

बोलेरो में सवार सभी आठ लोग आग की चपेट में आ गए, जिनमें दो महिलाएं और दो बच्चे भी शामिल थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो करीब एक घंटे तक धू-धूकर जलती रही। फायर ब्रिगेड के पहुंचने के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी Pawan Kumar Gangwar और पुलिस अधीक्षक Aparna Rajat Kaushik मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।

पुलिस और राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद जले हुए शवों को बाहर निकाला। मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।

हादसे के बाद ड्रमंडगंज घाटी में लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में एक लेन से यातायात बहाल कर नियंत्रित किया गया। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह ट्रक का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।