उत्तराखंड में पिछले दो दिनों से बारिश थमने के कारण गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने से दिन में तेज धूप खिली, जिससे मैदानों के साथ-साथ पर्वतीय क्षेत्रों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
सोमवार को राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। तेज धूप और उमस के कारण दिनभर लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा।
मैदानी इलाकों के साथ पर्वतीय जिलों में भी तापमान बढ़ने से मौसम गर्म बना रहा। बारिश नहीं होने के कारण कई स्थानों पर उमस का असर अधिक महसूस किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 14 जुलाई को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में बिजली चमकने और तेज बौछारों के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 19 जुलाई तक प्रदेश में मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही बना रह सकता है। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में गर्मी और उमस बनी रहेगी, जबकि पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप के दौरान सावधानी बरतने, पर्याप्त पानी पीने और आवश्यक होने पर ही दोपहर के समय बाहर निकलने की सलाह दी है।












