Advertisement

ईरान-इजरायल संघर्ष में अमेरिका ने खर्च किया THAAD सिस्टम का बड़ा हिस्सा: रिपोर्ट

मध्य-पूर्व में हाल में हुए संघर्ष के दौरान संयुक्त राज्य अमेरिका ने इजरायल की सुरक्षा के लिए अपने एडवांस एंटी-मिसाइल डिफेंस सिस्टम THAAD का बड़ा हिस्सा इस्तेमाल किया। एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने ईरानी मिसाइलों को रोकने के लिए 200 से अधिक THAAD इंटरसेप्टर दागे, जो पेंटागन के कुल स्टॉक का लगभग आधा बताया जा रहा है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पूर्वी भूमध्यसागर में तैनात अमेरिकी नौसेना के जहाजों से भी 100 से ज्यादा स्टैंडर्ड मिसाइल-3 और स्टैंडर्ड मिसाइल-6 इंटरसेप्टर लॉन्च किए गए। इसके मुकाबले इजरायल ने 100 से कम Arrow Missile System इंटरसेप्टर और करीब 90 David’s Sling इंटरसेप्टर का इस्तेमाल किया।

बताया गया कि कुछ इंटरसेप्टर का उपयोग लेबनान और यमन में ईरान समर्थित समूहों द्वारा दागे गए प्रोजेक्टाइल को रोकने में भी किया गया। अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, कुल मिलाकर अमेरिका ने इजरायल की तुलना में दोगुना ज्यादा इंटरसेप्टर दागे।

रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अगर भविष्य में Donald Trump की चेतावनी के बाद अमेरिका और इजरायल दोबारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करते हैं, तो अमेरिकी सेना को अपने बचे हुए इंटरसेप्टर भंडार पर और दबाव झेलना पड़ सकता है।

गौरतलब है कि 28 फरवरी 2026 को अमेरिका और इजरायल ने मिलकर ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया था। रिपोर्टों के अनुसार, इन हमलों में ईरान के तत्कालीन सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई शीर्ष नेताओं की मौत हुई थी। इसके बाद ईरान ने पश्चिम एशिया में अमेरिका के सहयोगी ठिकानों और समूहों पर जवाबी हमले किए।

हालांकि 8 अप्रैल से लागू युद्धविराम के बाद फिलहाल संघर्ष थम गया है। इसके बाद से अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर बातचीत जारी है, ताकि चार दशक से अधिक समय से चली आ रही दुश्मनी को समाप्त किया जा सके।