उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 का लाभ अब राज्य के युवाओं को प्रत्यक्ष रूप से मिलने लगा है। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद ने फिल्म एवं टेलीविजन क्षेत्र में शिक्षा प्राप्त कर रहे तीन युवाओं को छात्रवृत्ति प्रदान की है। परिषद द्वारा फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII), पुणे से पढ़ाई पूरी करने वाले तीन छात्रों की छात्रवृत्ति राशि का भुगतान कर दिया गया है।
फिल्म नीति 2024 के तहत FTII पुणे, सत्यजीत रे फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान कोलकाता तथा अन्य प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश लेने वाले उत्तराखंड के स्थायी निवासी छात्र-छात्राओं को पाठ्यक्रम पूरा करने और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के बाद मेरिट के आधार पर छात्रवृत्ति दी जाती है। नीति के अनुसार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम व्यय का 75 प्रतिशत तथा सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों को 50 प्रतिशत तक छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है।
उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने बताया कि रुद्रप्रयाग जिले के उखीमठ निवासी प्रवीण सेमवाल को एक वर्षीय स्नातकोत्तर सर्टिफिकेट कोर्स के लिए 65,682 रुपये की छात्रवृत्ति दी गई है। वहीं चमोली जिले के हरनी (मुंदोली) निवासी कविता को दो वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,27,619 रुपये तथा नैनीताल के तल्लीताल निवासी देवेश भट्ट को तीन वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा कोर्स के लिए 1,38,990 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। तीनों विद्यार्थियों ने FTII पुणे से अपनी शिक्षा पूरी की है।
मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने कहा कि उत्तराखंड के युवा रचनात्मक प्रतिभा से भरपूर हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड फिल्म नीति 2024 फिल्म शिक्षा प्राप्त करने वाले युवाओं को आर्थिक सहयोग देकर उनके सपनों को नई उड़ान देने का कार्य कर रही है।












