सीएम धामी को सौंपा गया ‘SIR’ गणना फॉर्म, मतदाता सूची शुद्धिकरण के लिए शुरू हुआ महाअभियान

उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा गया पहला गणना फॉर्म

देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिहीन एवं अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है। इस अभियान के तहत सोमवार को सचिवालय में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पहला गणना फॉर्म सौंपा।

इस अवसर पर राज्य में मतदाता सूची के आधुनिकीकरण और डिजिटलाइजेशन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मुख्यमंत्री को अभियान की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष अभियान भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची का शुद्धिकरण, त्रुटियों का सुधार तथा पात्र नागरिकों के नाम जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रदेश के सभी योग्य मतदाताओं को गणना फॉर्म उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कोई भी नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। इसके लिए बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करेंगे और आवश्यक जानकारी एकत्र करेंगे।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार आगामी 7 जुलाई तक सभी BLO गणना फॉर्म एकत्र करने का कार्य पूरा करेंगे। इसके पश्चात एकत्रित आंकड़ों को BLO ऐप के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड कर डिजिटल स्वरूप में परिवर्तित किया जाएगा। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्वाचन विभाग के इस डिजिटल प्रयास की सराहना करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य के दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों में भी अभियान को पूरी गंभीरता और प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र मतदाता का विवरण सही और समयबद्ध तरीके से अद्यतन किया जा सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए शुद्ध एवं विश्वसनीय मतदाता सूची अत्यंत आवश्यक है और इस दिशा में निर्वाचन विभाग का यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।