रुद्रप्रयाग जनसुनवाई में 31 शिकायतें दर्ज, 14 का मौके पर निस्तारण; अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश

रुद्रप्रयाग जिला कार्यालय सभागार में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 14 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष 17 मामलों को संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के लिए भेज दिया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। आगर गांव की पूनम देवी ने आर्थिक स्थिति कमजोर होने और कच्चे मकान में रहने का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं उरोली निवासी बृजमोहन काला ने अपने आवासीय भवन की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का अनुरोध किया।

क्यूंजा गांव के विक्रम लाल ने भू-धंसाव के कारण अपने मकान के आगे और पीछे सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। रतूड़ा की बबीता देवी ने रेलवे निर्माण कार्य के चलते अपने घर को हुए नुकसान का हवाला देते हुए सुरक्षित स्थान पर विस्थापन की मांग की। सतेराखाल के वीर सिंह ने अपने मकान के ऊपर खड़े भीमल के पेड़ से खतरा बताते हुए उसे काटने की अनुमति देने का अनुरोध किया।

दरमोला निवासी विक्रम लाल ने बताया कि 29 जुलाई को हुई भारी बारिश के दौरान सड़क का पुश्ता ढह जाने से उनकी सड़क किनारे लगी ठेली और पूरा सामान गहरी खाई में गिर गया, जिससे उनकी आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता और उचित कार्रवाई की मांग की।

बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने मुख्यमंत्री शिकायत पोर्टल (सीएम पोर्टल) पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की। समीक्षा में बताया गया कि एल-1 स्तर पर 102 और एल-2 स्तर पर 29 शिकायतें अभी लंबित हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण किया जाए और शिकायतकर्ताओं को समयबद्ध राहत उपलब्ध कराई जाए।

जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारूल गोयल, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अखिलेश मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र सिंह बिष्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, शिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी विनोद कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिकायतकर्ता उपस्थित रहे।