देहरादून-नजीबाबाद हाईवे पर एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब चिड़ियापुर पुलिस चौकी के पास एक टैक्सी कार और बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि पुलिस की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना चिड़ियापुर क्षेत्र में हाईवे पर स्थित पुलिस चौकी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, एक रिनॉल्ट ट्राइबर टैक्सी देहरादून से नहटौर की ओर जा रही थी, जिसमें चालक समेत पांच लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि आगे चल रही बस के सामने अचानक एक जानवर आ गया, जिससे बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही कार समय पर नहीं रुक सकी और बस से टकरा गई। टक्कर के बाद कार में लगी CNG किट के कारण आग तेजी से फैल गई और वाहन देखते ही देखते आग का गोला बन गया।
सूचना मिलते ही उत्तराखंड पुलिस की चिड़ियापुर चौकी टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने बिना देरी किए सभी यात्रियों को बाहर निकाला और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। साथ ही हाईवे के दोनों ओर ट्रैफिक रोककर स्थिति को नियंत्रित किया गया, जिससे कोई और वाहन हादसे की चपेट में न आए।
कुछ ही देर में दमकल विभाग की टीम भी पहुंच गई, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जल चुका था।
हादसे के चलते कुछ समय के लिए हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे बाद में पुलिस ने सुचारू रूप से खुलवाया। नितेश शर्मा (थाना प्रभारी, श्यामपुर) ने बताया कि बस के अचानक ब्रेक लगाने से यह दुर्घटना हुई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। राहत की बात यह रही कि इस गंभीर हादसे में किसी की जान नहीं गई।
















