बिग बॉस 20 में मैरी कॉम का छलका दर्द, सफलता का क्रेडिट लेने वालों पर भड़कीं बॉक्सिंग क्वीन

मुंबई: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ का आगाज होते ही घर में विवाद और बहस का दौर शुरू हो गया है। शो में बॉक्सिंग की दुनिया की दिग्गज खिलाड़ी मैरी कॉम ने भी बतौर कंटेस्टेंट एंट्री ली है। अब शो के एक नए प्रोमो में मैरी कॉम अपने बॉक्सिंग करियर, संघर्ष और सफलता को लेकर खुलकर बात करती नजर आईं। इस दौरान वह उन लोगों पर जमकर नाराज हुईं, जो उनकी कामयाबी का श्रेय खुद लेने की कोशिश करते हैं।

अपनी मेहनत का श्रेय किसी और को देना पसंद नहीं

जियो हॉटस्टार द्वारा जारी किए गए प्रोमो में मैरी कॉम और रोहेद खान के बीच बातचीत दिखाई गई है। किचन एरिया में बातचीत के दौरान मैरी ने अपने बॉक्सिंग सफर के संघर्षों को याद किया।

मैरी कॉम ने कहा कि उन्हें तब बेहद गुस्सा आता है, जब कोई यह कहता है कि उसने उन्हें बनाया या उनकी सफलता में उसका सबसे बड़ा योगदान रहा। उन्होंने अपने पूर्व पति का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग उनकी उपलब्धियों का क्रेडिट खुद लेने की कोशिश करते हैं।

मैरी ने कहा कि उन्होंने अपनी सफलता के लिए दिन-रात कड़ी मेहनत की है। उन्होंने बिना खाए और बिना सोए घंटों ट्रेनिंग की। उनका कहना है कि बॉक्सिंग रिंग में उतरकर चोट और दर्द सहना आसान नहीं था। ऐसे में उनकी मेहनत और संघर्ष का श्रेय किसी और को देना उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं है।

रोहेद खान ने किया मैरी कॉम का समर्थन

मैरी कॉम की बात सुनकर रोहेद खान भी उनसे सहमत नजर आए। उन्होंने कहा कि आज के समय में लोग अक्सर किसी व्यक्ति की चुप्पी को उसकी कमजोरी समझ लेते हैं।

रोहेद के मुताबिक, किसी का शांत रहना इस बात का सबूत नहीं है कि वह कमजोर है या किसी के नियंत्रण में है। कई बार इंसान की चुप्पी उसके धैर्य और ताकत को दर्शाती है। इस दौरान ईशा रिखी भी मैरी कॉम की बात का समर्थन करती नजर आईं।

अरिश्फा खान की आम्रपाली और माही विज से भिड़ंत

वहीं, ‘बिग बॉस 20’ के घर में दूसरी तरफ अरिश्फा खान की आम्रपाली दुबे और माही विज के साथ जमकर बहस देखने को मिली। अरिश्फा को जब बच्ची कहकर संबोधित किया गया तो उन्होंने इस पर नाराजगी जताई।

अरिश्फा ने कहा कि भले ही घर के दूसरे लोग उन्हें बच्ची समझते हों, लेकिन उनका दिमाग सबसे तेज है। उनकी इस बात पर आम्रपाली दुबे ने उन्हें शांत रहने की सलाह दी और कहा कि ऐसा लग रहा है जैसे रील के लिए सब कुछ किया जा रहा है।

आम्रपाली की टिप्पणी सुनकर अरिश्फा का गुस्सा बढ़ गया। उन्होंने कहा कि उन्हें रील कटवाने की जरूरत नहीं है। इसी बीच माही विज भी बहस में शामिल हो गईं। देखते ही देखते मामला काफी बढ़ गया और अरिश्फा ने माही विज और आम्रपाली दुबे को पाखंडी तक कह दिया।

इसके बाद तीनों के बीच तीखी बहस देखने को मिली। ‘बिग बॉस 20’ के शुरुआती दिनों में ही कंटेस्टेंट्स के बीच बढ़ती तकरार ने शो का माहौल गर्म कर दिया है। अब आने वाले एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि मैरी कॉम के खुलासों और घर में चल रहे विवादों का आगे क्या असर देखने को मिलता है।