उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली सड़क के आपदा में क्षतिग्रस्त होने का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर सड़क की मरम्मत कर आवागमन जल्द बहाल करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली और संबंधित विभागों से कहा है कि प्रभावित ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और सड़क को शीघ्र सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जाए।
जानकारी के अनुसार, ग्राम खैनूरी के ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री से संपर्क कर सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि आपदा के कारण सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे गांव के लगभग 120 परिवारों का संपर्क प्रभावित हो गया है और उन्हें दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक संसाधनों के साथ जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जाए। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि स्थिति का विस्तृत आकलन कर आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के लिए प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य आवश्यक सेवाओं की बहाली में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाओं को जल्द से जल्द सामान्य करें।
उन्होंने अधिकारियों से यह भी कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में कार्य करते समय संवेदनशीलता और तत्परता का विशेष ध्यान रखा जाए। विशेष रूप से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े प्रत्येक विषय पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। शासन-प्रशासन का दायित्व है कि आमजन की समस्याओं पर तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए उनका समाधान धरातल पर दिखाई दे। उन्होंने दोहराया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को पूरी मुस्तैदी से कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।















