CM धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के दिए निर्देश

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने व्यक्तिगत समस्याओं के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास से जुड़े मुद्दे और कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आम जनता की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

जनता को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें

सीएम धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन और प्रशासन के सभी स्तरों पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ जल्द कार्रवाई करने को कहा।

दिव्यांग कुलदीप को तत्काल सहायता के निर्देश

जनसुनवाई के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग कुलदीप की समस्या भी सुनी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आर्थिक सहायता और ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरतमंद लोगों को समय पर आवश्यक सहायता मिलना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से भी मिले CM

इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य कर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन, प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी उत्तराखंड, आबकारी उपनिरीक्षक संघ, श्री कल्प केदार मंदिर समिति और देवभूमि पूर्व सैनिक कल्याण समिति समेत विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की।

प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी मांगें, समस्याएं और सुझाव रखे। मुख्यमंत्री ने संबंधित विषयों पर अधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसंवाद के माध्यम से लोगों की समस्याओं का समाधान करने और जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।

कार्यक्रम में विधायक महंत दिलीप रावत, किशोर उपाध्याय, अनिल नौटियाल सहित प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जे.सी. कांडपाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।