मुजफ्फरनगर में महिलाओं के बीच सड़क पर मारपीट, पुलिस के सामने हुआ बवाल

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में महिलाओं के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तितावी थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर में मासिक कमेटी (चिट फंड) को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव की कुछ महिलाओं ने आपसी सहयोग से मासिक कमेटी चलाई हुई थी। जब एक महिला की कमेटी निकली, तो अन्य महिलाओं ने इस पर आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई।

हैरानी की बात यह रही कि पुलिस की मौजूदगी में ही महिलाएं आपस में भिड़ गईं। इस दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे के बाल पकड़कर जमकर मारपीट की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना का वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुलिस के सामने ही महिलाएं एक-दूसरे से उलझ रही हैं।

पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फुगाना क्षेत्र के सीओ जितेंद्र सिंह नागर के अनुसार, डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों को चौकी लाया गया था। इसके बाद अन्य महिलाएं भी वहां पहुंच गईं, जहां दोबारा विवाद हुआ और मारपीट की घटना सामने आई।

फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने महिला समूहों के बीच विश्वास और आर्थिक लेनदेन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।