तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच चल रहे कथित पारिवारिक विवाद में नया मोड़ आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, संगीता ने चेन्गलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। इस घटनाक्रम के बाद दोनों के बीच सुलह की अटकलें तेज हो गई हैं और माना जा रहा है कि लंबे समय से चला आ रहा पारिवारिक विवाद अब खत्म होने की दिशा में है।
संगीता ने कथित तौर पर फरवरी में अदालत का रुख किया था। याचिका में उन्होंने विजय पर एक अन्य अभिनेत्री के साथ कथित संबंध होने का आरोप लगाया था। उनके अनुसार, उन्हें इस रिश्ते के बारे में 2021 में जानकारी मिली थी।
याचिका में दावा किया गया था कि विजय ने कथित तौर पर इस रिश्ते को खत्म करने का आश्वासन दिया था, लेकिन बाद में भी यह संबंध जारी रहा। संगीता ने यह भी आरोप लगाया था कि उन्हें विजय के सामाजिक और व्यावसायिक जीवन से अलग कर दिया गया, जबकि वह संबंधित अभिनेत्री के साथ विदेश यात्राओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आते रहे।
याचिका में कथित तौर पर यह भी कहा गया था कि संबंधित अभिनेत्री सोशल मीडिया पर विदेश यात्राओं और कार्यक्रमों की तस्वीरें साझा करती थीं। संगीता का दावा था कि इन पोस्ट की वजह से उन्हें और उनके दोनों बच्चों को सामाजिक रूप से शर्मिंदगी और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसके अलावा, उन्होंने विजय पर अपनी सुविधाओं में कटौती करने, वित्तीय पाबंदियां लगाने और उनकी आवाजाही सीमित करने जैसे आरोप भी लगाए थे। याचिका में 2024 के दौरान सोशल मीडिया पर सामने आई खबरों और कथित तौर पर विजय के व्यवहार के कारण मानसिक तनाव होने का भी दावा किया गया था।
तलाक की याचिका वापस लिए जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर नया कयास शुरू हो गया है। हालांकि, याचिका वापस लेने के पीछे की विस्तृत वजह सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं है, लेकिन इस कदम को दंपत्ति के बीच समझौते और रिश्ते में सुधार के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।
विजय और संगीता ने 25 अगस्त 1999 को शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा।
संगीता सोरनालिंगम मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखती हैं और उनका पालन-पोषण यूके में हुआ। वह विजय की तरह सार्वजनिक जीवन में सक्रिय नहीं रहतीं और लंबे समय से अपने निजी जीवन को मीडिया की नजरों से दूर रखती आई हैं।
विजय और संगीता की मुलाकात की कहानी भी काफी दिलचस्प बताई जाती है। संगीता विजय की प्रशंसक थीं और उनसे मिलने के लिए लंदन से चेन्नई पहुंची थीं। इसके बाद दोनों की मुलाकात हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी तक पहुंचा।
करीब 27 साल पुराने इस रिश्ते में तलाक की याचिका वापस लिया जाना निश्चित तौर पर एक अहम घटनाक्रम है। हालांकि दोनों के बीच सुलह को लेकर आधिकारिक बयान सामने आने तक इसे केवल सुलह के संकेत के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।















