उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दोनों जिलों में कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। एहतियात के तौर पर दोनों जिलों में कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग का कहना है कि 10 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। इस दौरान भूस्खलन, अचानक बाढ़ और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खासकर नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।
भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग, SDRF, NDRF और सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों और चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचें, केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। साथ ही नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।















