कर्नाटक की राजधानी Bengaluru में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। शहर के Nandini Layout स्थित एक महिला पेइंग गेस्ट (PG) में देर रात करीब 12:45 बजे भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, आग पास की एक एलईडी बैनर दुकान की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई और तेजी से फैलते हुए बगल की चार मंजिला पीजी इमारत तक पहुंच गई। देखते ही देखते आग की लपटों और घने धुएं ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद युवतियों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वहां रह रही 30 से अधिक युवतियों को अपनी जान बचाने के लिए इमारत से कूदना पड़ा। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवतियां घबराहट में नीचे कूदती दिखाई दे रही हैं।
हालांकि राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों और दमकल विभाग की तत्परता से सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। Bengaluru Police ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।















