देहरादून। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग के वरिष्ठतम सदस्य अनिल कुमार राणा को आयोग का कार्यवाहक अध्यक्ष नामित किया गया है।
उत्तराखण्ड शासन के कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की उप सचिव जसविन्दर कौर द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, आयोग में अध्यक्ष का पद रिक्त होने के कारण अनिल कुमार राणा को यह दायित्व सौंपा गया है।
अधिसूचना में कहा गया है कि अनिल कुमार राणा नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति होने तथा नवनियुक्त अध्यक्ष द्वारा पदभार ग्रहण किए जाने तक अध्यक्ष पद से संबंधित समस्त दायित्वों एवं कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग राज्य की विभिन्न सेवाओं में भर्ती प्रक्रिया संचालित करने वाली प्रमुख संवैधानिक संस्था है। ऐसे में कार्यवाहक अध्यक्ष के रूप में अनिल कुमार राणा की नियुक्ति आयोग के प्रशासनिक कार्यों की निरंतरता सुनिश्चित करेगी।










