हरिद्वार। बुद्ध पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। सुबह से ही हर की पौड़ी समेत सभी प्रमुख गंगा घाटों पर श्रद्धालु पवित्र गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को आठ जोन और 21 सेक्टरों में बांटा गया है। सभी घाटों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके अलावा बीडीएस, डॉग स्क्वॉड और सीसीटीवी कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण तीनों इसी दिन हुए थे। इस कारण यह दिन अत्यंत पवित्र माना जाता है।
ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, बुद्ध पूर्णिमा के दिन गंगा स्नान करने से पूरे वैशाख मास में प्रतिदिन स्नान करने के समान पुण्य फल मिलता है। इस दिन दान-पुण्य, विशेष रूप से खीर और सोने का दान, अत्यंत फलदायी माना जाता है।
मान्यता है कि इस दिन गंगा स्नान करने से पापों का नाश होता है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। साथ ही भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते शहर में ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। विभिन्न स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है, हालांकि सुबह से ही हाईवे पर जाम की स्थिति देखी जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
















