ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सैन्य कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में तबाह किए गए आतंकी ठिकानों को फिर से तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इंडिया टीवी को मिले कथित एक्सक्लूसिव वीडियो में पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में स्थित कुछ आतंकी ठिकानों पर दोबारा निर्माण होता दिखाई दे रहा है।
वीडियो में बहावलपुर, सवाई नाला और मुजफ्फराबाद से जुड़े ठिकानों पर नई दीवारें और ईंटों से किया गया निर्माण नजर आ रहा है। इससे पहले भी इन ठिकानों की तस्वीरें और वीडियो सामने आए थे, जिनमें ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए नुकसान को दिखाया गया था।
तबाह किए गए आतंकी कैंप में फिर शुरू हुआ निर्माण
सामने आए वीडियो में पहला ठिकाना लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा सवाई नाला कैंप बताया जा रहा है। यह कैंप आतंकियों के ठहरने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले ठिकानों में शामिल बताया गया था। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय कार्रवाई में इसे भारी नुकसान पहुंचा था। अब यहां दोबारा निर्माण किए जाने के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
दूसरा ठिकाना जैश-ए-मोहम्मद के मरकज सैदा बिलाल का बताया गया है, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर के मुजफ्फराबाद में स्थित है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस परिसर को भी निशाना बनाया गया था। नए वीडियो में यहां नई ईंटों और दीवारों के जरिए दोबारा निर्माण किए जाने के दृश्य दिखाई देते हैं।
रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भी आतंकी ठिकानों का जिक्र
भारत के रक्षा मंत्रालय की रिपोर्ट में भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान निशाना बनाए गए आतंकी ठिकानों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय सशस्त्र बलों की कार्रवाई में इन ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचाया गया था।
अब इन स्थानों पर दोबारा निर्माण के संकेत सामने आने के बाद पाकिस्तान में आतंकी ढांचे को फिर से खड़ा करने की कोशिशों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
इससे पहले ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि जैश-ए-मोहम्मद ने पाकिस्तान में स्थित अपने कुख्यात मरकज सुभानल्लाह परिसर की मरम्मत दोबारा शुरू कर दी है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इस परिसर को भी नुकसान पहुंचा था।
क्या था ऑपरेशन सिंदूर?
22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने एक बड़ा हमला किया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। इसके जवाब में भारत ने 6-7 मई 2025 की रात ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया।
भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। भारत की ओर से इन हमलों को आतंकवाद के खिलाफ लक्षित सैन्य कार्रवाई बताया गया था।
इसके बाद पाकिस्तान की ओर से भारत के खिलाफ ड्रोन और मिसाइल हमले किए गए, जिन्हें भारतीय सुरक्षा बलों ने नाकाम किया। इसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया और भारत ने पाकिस्तान के कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
लगभग 88 घंटे तक चले इस सैन्य तनाव के बाद 10 मई 2025 की शाम दोनों देशों के बीच सहमति बनने के बाद संघर्ष थम गया।
अब ऑपरेशन सिंदूर के दौरान तबाह किए गए बताए जा रहे आतंकी ठिकानों पर दोबारा निर्माण के वीडियो सामने आने से पाकिस्तान की गतिविधियों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।












