उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पिथौरागढ़ के तीन नेताओं के खिलाफ बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। पार्टी ने महेंद्र लुंठी, भावना नगरकोटी और दीपक लुंठी को तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है।
प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पार्टी और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर पूरे प्रदेश में ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में 30 जून को पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इन तीनों नेताओं पर कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न करने और अनुशासनहीनता करने का आरोप लगाया गया।
पार्टी का कहना है कि मंच पर हुई घटनाओं और कथित पार्टी विरोधी गतिविधियों से संगठन की छवि धूमिल हुई, जिसे नेतृत्व ने गंभीरता से लिया।
घटना के बाद तीनों नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया था। साथ ही जिला कांग्रेस कमेटी, पिथौरागढ़ से विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की गई।
रिपोर्ट और राष्ट्रीय नेतृत्व से मिले निर्देशों के आधार पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने तीनों नेताओं को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने का निर्णय लिया।
30 जून को आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ के दौरान भावना नगरकोटी ने अपने संबोधन में कथित तौर पर पिथौरागढ़ के विधायक मयूख महर पर नगर निकाय चुनाव के दौरान टिकट वितरण और पार्टी लाइन से अलग काम करने को लेकर परोक्ष टिप्पणी की।
बताया गया कि इस टिप्पणी से नाराज होकर मयूख महर अपने समर्थकों के साथ मंच छोड़कर बाहर चले गए। इस दौरान कांग्रेस नेता मुकेश पंत ने स्थिति संभालने की कोशिश की और भावना नगरकोटी से संबोधन समाप्त करने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने बोलना जारी रखा।
स्थिति बिगड़ने पर गणेश गोदियाल भी हस्तक्षेप करने पहुंचे, लेकिन तब तक विधायक और उनके समर्थक कार्यक्रम से बाहर निकल चुके थे। इसी दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर मयूख महर के खिलाफ नारेबाजी भी की, जिसके बाद इस पूरे घटनाक्रम को पार्टी के भीतर गुटबाजी के रूप में देखा गया।
पार्टी नेतृत्व ने इस घटना को गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए पहले नोटिस जारी किया और अब तीनों नेताओं के खिलाफ छह वर्ष के निष्कासन की कार्रवाई लागू कर दी है।













