Advertisement

हिमंता बिस्वा सरमा फिर बनेंगे असम के मुख्यमंत्री, 12 मई को लेंगे शपथ

गुवाहाटी। असम में भारतीय जनता पार्टी ने एक बार फिर डॉ. हिमंता बिस्वा सरमा पर भरोसा जताया है। रविवार को उन्हें सर्वसम्मति से बीजेपी विधायक दल और एनडीए विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इसके साथ ही यह तय हो गया कि हिमंता बिस्वा सरमा 12 मई को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। बीजेपी नेतृत्व ने विधायक दल का नेता चुनने के लिए पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। गुवाहाटी में आयोजित विधायक दल की बैठक में औपचारिक रूप से हिमंता बिस्वा सरमा के नाम पर मुहर लगाई गई।

गौरतलब है कि हिमंता बिस्वा सरमा ने 6 मई को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। तब से वह कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब नई सरकार के गठन के साथ वह दूसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे।

असम विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 126 सदस्यीय विधानसभा में 82 सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं सहयोगी दल असम गण परिषद (AGP) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (BPF) ने 10-10 सीटें हासिल कीं। इस तरह एनडीए गठबंधन ने कुल 102 सीटों के साथ दो-तिहाई बहुमत हासिल किया।

हिमंता बिस्वा सरमा का राजनीतिक सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। उन्होंने 1990 के दशक में ऑल असम स्टूडेंट्स यूनियन (AASU) से सक्रिय राजनीति की शुरुआत की थी। बाद में कांग्रेस में शामिल होकर उन्होंने राज्य की राजनीति में मजबूत पहचान बनाई। साल 2001 में जालुकबारी सीट से पहली बार विधायक बने और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई सरकार में स्वास्थ्य और शिक्षा जैसे अहम मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली।

हालांकि, 2015 में कांग्रेस नेतृत्व से मतभेद के बाद उन्होंने बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी में आने के बाद उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी के विस्तार में अहम भूमिका निभाई। उन्हें नॉर्थ-ईस्ट डेमोक्रेटिक अलायंस (NEDA) का संयोजक बनाया गया, जहां उन्होंने कई राज्यों में बीजेपी और उसके सहयोगियों की सरकार बनवाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

2016 में असम में पहली बार बीजेपी सरकार बनने के पीछे भी हिमंता बिस्वा सरमा की रणनीतिक भूमिका मानी गई। इसके बाद 2021 में पार्टी की बड़ी जीत के बाद उन्हें राज्य का मुख्यमंत्री बनाया गया। अब लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री बनने जा रहे हिमंता बिस्वा सरमा को बीजेपी के पूर्वोत्तर का सबसे प्रभावशाली चेहरा माना जा रहा है।