तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रैक पर चला वृहद स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

विश्व के सबसे ऊंचाई पर स्थित शिवालय तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ एवं चंद्रशिला ट्रैक को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के उद्देश्य से एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान तुंगनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी श्री अभिषेक मैठाणी की भावपूर्ण अपील पर आयोजित किया गया, जिसमें स्थानीय प्रशासन, पुलिस, मंदिर समिति, व्यापार मंडल तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मुख्य पुजारी श्री अभिषेक मैठाणी की इस सराहनीय पहल का सम्मान करते हुए ऊखीमठ कोतवाली पुलिस, नगर पंचायत ऊखीमठ के कर्मचारियों, तुंगनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों तथा तुंगनाथ व्यापार मंडल के सदस्यों ने श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को सफल बनाया। अभियान के दौरान चोपता से लेकर तुंगनाथ मंदिर और चंद्रशिला ट्रैक तक फैले पूरे क्षेत्र में बिखरे प्लास्टिक कचरे, पानी की बोतलों, खाद्य सामग्री के रैपर्स तथा अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्रित किया गया।

सफाई के दौरान एकत्र किए गए कचरे को बोरों में भरकर उचित निस्तारण के लिए चोपता स्थित घोड़ा स्टैंड के समीप निर्धारित स्थान पर पहुंचाया गया। अभियान के माध्यम से तीर्थयात्रियों एवं पर्यटकों को पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया गया।

मुख्य पुजारी श्री अभिषेक मैठाणी, मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय व्यापारियों तथा दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस अभियान में रुद्रप्रयाग पुलिस की सक्रिय सहभागिता, त्वरित कार्यवाही और सहयोग की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

मुख्य पुजारी की अपील पर आयोजित यह सफल अभियान न केवल तुंगनाथ-चंद्रशिला क्षेत्र की स्वच्छता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के बीच पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण का सकारात्मक संदेश भी देने में सफल रहा।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता एवं स्वच्छता अभियानों को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया, ताकि हिमालयी क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता और पवित्रता अक्षुण्ण बनी रहे।