नई दिल्ली: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India की ओर से आयोजित NeST Fest-2026 में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का देवभूमि उत्तराखंड की ओर से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए My Home India की टीम को बधाई भी दी।
शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने देशभर के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
‘युवाओं में दिखाई देता है भारत का उज्ज्वल भविष्य’
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में मौजूद युवा ऊर्जा के बीच उन्हें भारत का उज्ज्वल भविष्य दिखाई देता है। युवा केवल विद्यार्थी नहीं हैं, बल्कि देश की उस शक्ति का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसमें बड़े सपनों को साकार करने का साहस और सामर्थ्य है।
उन्होंने कहा कि NeST Fest केवल एक सामान्य कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर और उत्तराखंड के पहाड़ी परिवेश, रहन-सहन और भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजनों से दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीयता और आपसी जुड़ाव और मजबूत होता है।
‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत कर रहा आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश के अलग-अलग हिस्सों के बीच भावनात्मक एकता का सेतु बन रहा है। My Home India द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने का प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करता है।
उन्होंने कहा कि यही भावना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बन रही है।
धामी ने पूर्वोत्तर को भारतीय संस्कृति के चमकते हुए मुकुट की संज्ञा देते हुए कहा कि इसके बिना भारत की विविधता और सुंदरता अधूरी है। उन्होंने कहा कि सामरिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र बेहद महत्वपूर्ण है और देश की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पूर्वोत्तर ने देश को दीं कई महान प्रतिभाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत ने देश को कई ऐसी प्रतिभाएं दी हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन किया है। इनमें मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न स्वर्गीय भूपेन हजारिका जैसी महान हस्तियां शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन प्रतिभाओं ने अपनी मेहनत, संघर्ष और लगन से देश का गौरव बढ़ाया है।
‘लुक ईस्ट’ से ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की ओर बढ़ा पूर्वोत्तर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्वोत्तर को कभी देश से दूर नहीं माना, बल्कि उसे देश के विकास का महत्वपूर्ण ग्रोथ इंजन माना है।
उन्होंने कहा कि दशकों पुरानी ‘लुक ईस्ट’ नीति को आगे बढ़ाते हुए ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए हैं।
वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर समेत कई क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। भारत-म्यांमार-थाईलैंड त्रिपक्षीय राजमार्ग जैसी परियोजनाओं से पूर्वोत्तर में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा हुए हैं।
युवाओं को कौशल और रोजगार के नए अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास प्रयासों के केंद्र में पूर्वोत्तर का युवा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति मानते हैं।
इसी सोच के साथ डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहलों के माध्यम से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में पूर्वोत्तर में बड़े स्तर पर काम हुआ है। नए विद्यालय, मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़े संस्थान स्थापित किए गए हैं। इससे क्षेत्र के युवाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं।
राष्ट्रीय खेलों का जिक्र, पूर्वोत्तर के खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन खेलों में देशभर से 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड से राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पूर्वोत्तर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय खेल खिलाड़ियों और युवाओं के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के युवा खिलाड़ी आज अपनी प्रतिभा, मेहनत और जज्बे के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं और देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
‘देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है’
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त करने आए पूर्वोत्तर के छात्र-छात्राओं का स्वागत करते हुए कहा कि ‘देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।’
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खूब पढ़ें, खूब खेलें और बड़े सपने देखें। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी मेहनत और लगन से आगे बढ़ना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने का आह्वान किया।















