नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी देशभर में ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ आयोजित करने की तैयारी कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। आगामी 7 अक्टूबर को उनके मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होंगे।
‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के तहत करीब 15 दिनों तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना है। इनमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण और स्वास्थ्य शिविर प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
इसके अलावा ‘नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष’ थीम पर डिजिटल और फोटो प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। सुशासन, विकास और अंत्योदय जैसे विषयों पर प्रबुद्ध वर्ग के सम्मेलन भी आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों के साथ संवाद कार्यक्रमों के साथ-साथ केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे।
इस पूरे अभियान की जिम्मेदारी भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े को सौंपी गई है। योजना के मुताबिक प्रत्येक राज्य में 7 सदस्यीय टीम अभियान की कमान संभालेगी। इसमें प्रदेश सरकार का एक मंत्री, संगठन का एक महामंत्री और पांच अन्य नेता शामिल होंगे।
नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। वह गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने। इसके बाद उन्होंने 2002, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनावों में भाजपा को जीत दिलाई और करीब 12 साल तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे।
इसके बाद 26 मई 2014 को नरेंद्र मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 2019 और 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए को जीत मिलने के बाद वह लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने।
अब सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा आयोजित ‘सेवा संकल्प महोत्सव’ के जरिए उनके राजनीतिक और प्रशासनिक सफर को जनता के बीच विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रस्तुत करने की तैयारी है।














