Advertisement

‘दृश्यम 3’ की स्क्रीनिंग में भावुक हुए मोहनलाल, जन्मदिन पर मिला फैंस का खास प्यार

मोहनलाल की बहुप्रतीक्षित सस्पेंस थ्रिलर फिल्म दृश्यम 3 आखिरकार सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। खास बात यह रही कि फिल्म को मोहनलाल के जन्मदिन के मौके पर रिलीज किया गया, जिससे फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया।

फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान मोहनलाल काफी भावुक नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में अभिनेता अपनी आंखों से आंसू पोंछते दिखाई दे रहे हैं। वह फिल्म की टीम और दर्शकों के साथ थिएटर में पहला शो देख रहे थे। वीडियो में मोहनलाल एक दर्शक का धन्यवाद करते हुए भी नजर आए, जिसने तालियां बजाकर उनका स्वागत किया।

फिल्म को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स से अभिभूत मोहनलाल ने सोशल मीडिया पर फैंस के लिए भावुक संदेश भी साझा किया। उन्होंने लिखा कि दर्शकों का प्यार, शुभकामनाएं और संदेश उनके दिल को कृतज्ञता से भर देते हैं। अभिनेता ने कहा कि यह प्यार उन्हें याद दिलाता है कि वह कितने सौभाग्यशाली हैं।

रिलीज के दिन मोहनलाल ने थिएटर में ही अपना जन्मदिन भी मनाया। वायरल वीडियो में अभिनेता पारंपरिक पोशाक में केक काटते और प्रशंसकों का अभिवादन करते दिखाई दे रहे हैं। फैंस भी अपने पसंदीदा स्टार को सामने देखकर बेहद उत्साहित नजर आए।

जीतू जोसेफ के निर्देशन में बनी ‘दृश्यम 3’ में मोहनलाल एक बार फिर जॉर्जकुट्टी के किरदार में लौटे हैं। फिल्म में मीना, अंसीबा हसन, एस्थर अनिल और आशा शरथ भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रही हैं।

गौरतलब है कि ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी के पहले दो भाग सुपरहिट साबित हुए थे। फिल्म की लोकप्रियता को देखते हुए इसे कई भाषाओं में बनाया गया। हिंदी रीमेक में अजय देवगन मुख्य भूमिका में नजर आए थे और वह फिल्म भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही थी।