Donald Trump 13 से 15 मई तक चीन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इसकी आधिकारिक जानकारी दी। इस दौरान ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति Xi Jinping से मुलाकात करेंगे।
ट्रंप की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है और अमेरिका-चीन के बीच टैरिफ विवाद भी गहराया हुआ है। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार, वैश्विक सुरक्षा और ईरान संकट जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।
चीन यात्रा से पहले ट्रंप ने कहा था कि राष्ट्रपति शी जिनपिंग उनका गर्मजोशी से स्वागत करेंगे। हालांकि, जानकारों का मानना है कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों और दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए बातचीत आसान नहीं होगी।
हाल ही में ट्रंप ने उन देशों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी, जो ईरान को हथियार बेचते हैं। इस बयान के बाद अमेरिका और चीन के बीच तनाव और बढ़ गया था। हालांकि बाद में ट्रंप ने कहा कि शी जिनपिंग ने ईरान को हथियार भेजने से इनकार किया है।
इससे पहले ट्रंप ने 2017 में चीन का दौरा किया था, जिसे चीन ने “राजकीय यात्रा से भी बढ़कर” बताया था। वहीं, दोनों नेताओं की पिछली मुलाकात अक्टूबर में दक्षिण कोरिया के बुसान में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी।
















