उत्तराखंड में महंगाई पर CM धामी सख्त, कालाबाजारी-जमाखोरी करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए शासन और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को आवश्यक वस्तुएं उचित दरों पर उपलब्ध होनी चाहिए और कालाबाजारी, जमाखोरी व मुनाफाखोरी के जरिए कीमतें बढ़ाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

बाजारों की नियमित निगरानी के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग सहित संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाजार में आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता और कीमतों की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी पैदा कर उपभोक्ताओं से निर्धारित दर से अधिक कीमत न वसूली जाए।

अधिकारियों को बाजार में मांग और आपूर्ति की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर समयबद्ध तरीके से प्रभावी कदम उठाने को कहा गया है।

हर जिले में होंगे बाजारों के निरीक्षण

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में प्रशासन को नियमित रूप से बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं के निर्धारित और प्रचलित बाजार मूल्य के साथ-साथ दुकानदारों के स्टॉक की स्थिति की भी जांच की जाएगी।

यदि निरीक्षण के दौरान कालाबाजारी, जमाखोरी या निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आम जनता के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता

CM धामी ने कहा कि राज्य सरकार आम जनता के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में अनावश्यक बढ़ोतरी का सीधा असर लोगों के घरेलू बजट पर पड़ता है। ऐसे में मूल्य नियंत्रण से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को प्रभावी और पारदर्शी बनाया जाना जरूरी है।

उन्होंने शासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और
बाजार की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की कीमतों या उपलब्धता से जुड़ी किसी भी अनियमितता की शिकायत मिलने पर
तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।