नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में अगले कुछ घंटों के दौरान मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की है। विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, उत्तराखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, हिमाचल प्रदेश और केरल समेत 15 राज्यों के लिए आंधी, बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसे देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। इससे अधिकतम तापमान में 7 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले दिनों में गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है, जिससे उमस और गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
महाराष्ट्र के नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़, रत्नागिरी और ठाणे जिलों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, राजस्थान के जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, भिलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, अजमेर, सीकर और नागौर में भी भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, प्रयागराज और सोनभद्र जिलों में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और अररिया में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड के बागेश्वर, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, टिहरी गढ़वाल, उधम सिंह नगर, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मध्य प्रदेश के बालाघाट, बैतूल, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), राजगढ़, सीहोर और शाजापुर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
छत्तीसगढ़ के बलरामपुर, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर और सुकमा में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश की चेतावनी दी गई है।
केरल के अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, कोल्लम, कोट्टायम, पथानामथिट्टा और त्रिशूर जिलों में भी भारी बारिश और खराब मौसम की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि आंधी और बिजली गिरने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों के नीचे शरण न लें। अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि यात्रा जरूरी हो तो पहले मौसम और यातायात की स्थिति की जानकारी जरूर लें। साथ ही स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें।













