भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रुड़की (आईआईटी रुड़की) और उत्तराखंड स्पेस एप्लीकेशन सेंटर (यूएसएसी) के बीच अंतरिक्ष विज्ञान एवं जियोस्पेशियल अनुप्रयोगों के क्षेत्र में सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
यह समझौता आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत और यूएसएसी के निदेशक प्रो. दुर्गेश पंत द्वारा संस्थान परिसर में संपन्न हुआ। इस अवसर पर सेंटर फॉर स्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रमुख प्रो. संजय एच. उपाध्याय और डॉ. प्रियदर्शी उपाध्याय भी उपस्थित रहे।
इस साझेदारी के तहत तीन प्रमुख क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा—अकादमिक एवं अनुसंधान सहयोग, एम.टेक और पीएचडी छात्रों का संयुक्त मार्गदर्शन, तथा सेमिनार, सम्मेलन और कार्यशालाओं का संयुक्त आयोजन।
अकादमिक और रिसर्च सहयोग के अंतर्गत अंतरिक्ष अनुप्रयोग, जियोस्पेशियल तकनीक, जलवायु परिवर्तन, आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संयुक्त शोध और पायलट परियोजनाएं चलाई जाएंगी। इससे वैज्ञानिक ज्ञान और तकनीकी विशेषज्ञता के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।
समझौते के तहत आईआईटी रुड़की के छात्रों को यूएसएसी में इंटर्नशिप, प्रोजेक्ट कार्य और शोध के अवसर मिलेंगे, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होगा। साथ ही, स्नातकोत्तर और शोधार्थियों का संयुक्त मार्गदर्शन किया जाएगा, जिसमें दोनों संस्थानों के विशेषज्ञ मिलकर छात्रों को दिशा देंगे।
इसके अतिरिक्त, दोनों संस्थान मिलकर सेमिनार, कार्यशालाएं और अल्पकालिक पाठ्यक्रम आयोजित करेंगे, जिससे शोध और नवाचार को नई गति मिलेगी।
यह साझेदारी न केवल उत्तराखंड में अंतरिक्ष विज्ञान और तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगी, बल्कि शोध को व्यावहारिक उपयोग में लाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।















